धर्मशाला-पालमपुर में आरोपी, पत्नी और मां के नाम करीब 13 करोड़ की संपत्तियां
राजस्व अधिकारियों से संपर्क और प्रभावशाली राजनीतिक शख्सियत से कथित नजदीकी की भी पड़ताल
शिमला। सरकारी और वन भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर, संदिग्ध दस्तावेज, जाली हस्ताक्षर और सामान्य मुख्तारनामा के आधार पर भूमि हस्तांतरण के मामले में गिरफ्तार नेक राम से पूछताछ के बाद जांच का दायरा राजनीतिक कनेक्शन तक पहुंच गया है। विजिलेंस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी के एक प्रभावशाली राजनीतिक शख्सियत से कथित करीबी संबंध किस तरह के थे और क्या भूमि सौदों में इन संबंधों का कोई इस्तेमाल हुआ।
जांच में आरोपी नेक राम, उसकी पत्नी और मां के नाम धर्मशाला और पालमपुर क्षेत्र में करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के लेन-देन का पता चला है। विजिलेंस अब इन संपत्तियों के लिए धन के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और वास्तविक लाभार्थियों की कड़ियां जोड़ रही है।
राजस्व अधिकारियों से संपर्क, राजनीतिक कनेक्शन की भी पड़ताल
सूत्रों के अनुसार आरोपी के कुछ राजस्व अधिकारियों के साथ कथित संपर्क और अन्य भूमि सौदों में उसकी भूमिका से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। इसी क्रम में विजिलेंस यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी किसी जाने-माने राजनेता और कुछ लोक सेवकों के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
आरोपी की राजनीतिक शख्सियत से कथित नजदीकी को देखते हुए जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि भूमि सौदों में कहीं किसी प्रभावशाली व्यक्ति का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हित तो नहीं था। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है और किसी राजनीतिक व्यक्ति की भूमिका को लेकर विजिलेंस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
विजिलेंस की जांच फिलहाल दस्तावेजी और वित्तीय कड़ियों को जोड़ने पर केंद्रित है। भूमि सौदों में इस्तेमाल दस्तावेज, धन के स्रोत, कथित जाली हस्ताक्षर, सामान्य मुख्तारनामा और राजस्व रिकॉर्ड में हुई कथित गड़बड़ियों के साथ गायब मूल राजस्व रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
5 सितंबर को अदालत में पेशी
विजिलेंस ने नेक राम को एक सितंबर को गिरफ्तार किया था। दो सितंबर को अदालत में पेश करने के बाद उसे पांच सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। अब पांच सितंबर को उसकी दोबारा अदालत में पेशी होगी। रिमांड के दौरान जांच एजेंसी भूमि सौदों, वित्तीय लेन-देन और संभावित राजनीतिक एवं प्रशासनिक कड़ियों को लेकर पूछताछ कर रही है।











