Advertisement

एशियाई खेल पदक विजेताओं पर हिमाचल सरकार मेहरबान, 5.33 करोड़ की पुरस्कार राशि का ऐलान

Spread the love

महिला कबड्डी टीम की चार खिलाड़ियों को 33-33 लाख, सावन बरवाल को 2.50 करोड़ और सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये मिलेंगे


शिमला। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार ने बड़ी पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए कुल 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया है।


महिला कबड्डी टीम में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की चार खिलाड़ियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस तरह चारों खिलाड़ियों को कुल 1.32 करोड़ रुपये मिलेंगे।


वहीं, पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये तथा महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।


एशियाई खेलों के गोल्ड पर चार करोड़ तक पुरस्कार


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को चार करोड़, रजत पदक के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है।


इसके अलावा ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। राष्ट्रमंडल और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए तीन करोड़, रजत के लिए दो करोड़ और कांस्य के लिए एक करोड़ रुपये देने का प्रावधान है।


खिलाड़ियों की यात्रा सुविधा में भी बढ़ोतरी


प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों की यात्रा सुविधा में भी बढ़ोतरी की है। राज्य से बाहर खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 200 किलोमीटर तक की यात्रा में एसी थ्री-टियर ट्रेन का किराया देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को इकोनॉमी क्लास की हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी।


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देकर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।