Advertisement

शानदार उपलब्धि: ERSS-112 रिस्पांस टाइम में हिमाचल पुलिस फिर देश में नंबर-1

Spread the love

सितंबर में 4 मिनट 4 सेकंड का औसत रिस्पांस टाइम, नवंबर 2025 में 34वें स्थान से शीर्ष पायदान तक पहुंची हिमाचल पुलिस


शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा ERSS-112 के क्षेत्र में एक बार फिर देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। सितंबर 2026 की अखिल भारतीय ERSS-112 Response Time Ranking में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने पिछले 30 दिनों के दौरान आपातकालीन घटनाओं पर औसतन 4 मिनट 4 सेकंड में प्रतिक्रिया दर्ज की, जो देश में सबसे बेहतर प्रदर्शन है।


हिमाचल पुलिस की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नवंबर 2025 तक राज्य ERSS-112 की राष्ट्रीय रैंकिंग में 34वें स्थान पर था। इसके बाद लगातार किए गए सुधारों, प्रभावी मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप हिमाचल पुलिस ने देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।


इस उपलब्धि में ERSS-112 के कॉल टेकर्स, डिस्पैचर्स, इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ERVs), जिला पुलिस कर्मियों और पर्यवेक्षण अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य ERSS केंद्र और जिला स्तर के पुलिस तंत्र के बीच बेहतर समन्वय, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल, लगातार निगरानी और परिचालन अनुशासन से आपातकालीन सेवाओं की गति और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।


पुलिस विभाग के अनुसार, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने में बचाया गया प्रत्येक मिनट किसी व्यक्ति के जीवन, सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा में निर्णायक साबित हो सकता है। ऐसे में ERSS-112 के रिस्पांस टाइम में हासिल की गई यह उपलब्धि नागरिकों को त्वरित और भरोसेमंद आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश पुलिस की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए ERSS-112 के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवा प्रदान करने के प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में नंबर-1 बनना निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इस स्थान को लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ बनाए रखना इससे भी बड़ी जिम्मेदारी है।


मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “नंबर-1 बनना उपलब्धि है, लेकिन लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ नंबर-1 बने रहना उससे बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी हिमाचल पुलिस टीम को बहुत-बहुत बधाई।”