Advertisement

रोहड़ू में 182.87 करोड़ की 61 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Spread the love

सीएम सुक्खू ने चिड़गांव में किया विकास कार्यों का उद्घाटन; 25 करोड़ से क्रिटिकल केयर ब्लॉक, स्कूलों में विज्ञान ब्लॉक और नए भवनों की रखी आधारशिला


रोहड़ू। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के चिड़गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 182.87 करोड़ रुपये की लागत वाली 61 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं में पेयजल, सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूती मिलेगी।


मुख्यमंत्री ने चिड़गांव तहसील की ग्राम पंचायत कुलगांव के बडियारा व आसपास के क्षेत्र के लिए 2.76 करोड़ रुपये की कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन योजना, भंाफड पंचायत के चिल्लाला और आसपास के गांवों के लिए 5.20 करोड़ रुपये की पेयजल योजना तथा संधा-भोंडा पंचायत के लिए 3.40 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया।

इसके अलावा रोहड़ू की ग्राम पंचायत शेखल में लहासा से शेखल तक बागवानी भूमि के लिए 4.75 करोड़ रुपये और जांगला पंचायत के कुलगांव क्षेत्र के लिए 8.02 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजनाएं भी जनता को समर्पित कीं।


सड़क नेटवर्क को मिलेगी मजबूती


मुख्यमंत्री ने कुलगांव को जोड़ने वाली 4.49 करोड़ रुपये की सड़क, जलोह-गाड़ सड़क पर 7.66 करोड़, शील-सौंघी-मंडला सड़क पर 7.64 करोड़, चेणू-बलासन सड़क पर 10.01 करोड़, मेलठी संपर्क सड़क पर 7.22 करोड़ और टिक्करी संपर्क सड़क पर 3.30 करोड़ रुपये की लागत से किए गए कार्यों का लोकार्पण किया।


इसके साथ ही खशधार-जाखी, भमवाड़ी-मंघारा, झलवाड़ी-भमवाड़ी, धमवाड़ी-गोकस्वाड़ी, पणेसरी-दुणना, आंध्रा-बाग्गी, गोंसारी-गोकस्वाड़ी, कितरवाड़ी, जिशकून, जारकोट और नरसरी-डलगांव सहित विभिन्न सड़कों के उन्नयन एवं संपर्क मार्गों के कार्य भी जनता को समर्पित किए गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलूण में 3.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।


रोहड़ू अस्पताल में 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर ब्लॉक


मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल रोहड़ू में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरों के क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं जिला एकीकृत जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला की आधारशिला रखी। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखा में 3.54 करोड़ रुपये के विज्ञान ब्लॉक तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोडरा में 4.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भवन का शिलान्यास किया।


ग्रामीण संपर्क सड़कों पर भी फोकस


मुख्यमंत्री ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में कई छोटी संपर्क सड़कों, सड़क मरम्मत, सोलिंग, पुलिया निर्माण, मेटलिंग-टारिंग और भूस्खलन से प्रभावित मार्गों की बहाली से जुड़े कार्यों की भी आधारशिला रखी। इनमें बुठारा-बाघधार, शलावत, कायणी-गेडम, गोपेश जनार्था, चिड़गांव-थली चांटी, बडियारा-नंदला, पंप हाउस-ब्राल, सराईधार-बसुणी, कनेवरा खड्ड-नोई, तोड़सा-शागली-गुमना, गुम्मा क्रशर-टिक्करी, भमनोली-मेलारी और बुठारा-नर्सरी-कटमोरी सहित कई संपर्क मार्ग शामिल हैं।


इसके अतिरिक्त मंछाड़ा एंबुलेंस सड़क, पीएचसी कुठारा-कुली मार्ग का पक्कीकरण, जाखड़-बेशलारल-थापलीधार सड़क की मेटलिंग एवं टारिंग, गांव सुआन, बौली-धारकुली, खशकंडी और ब्रटेली संपर्क सड़क समेत विभिन्न कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोहड़ू क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा और लोगों तथा वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं, विभिन्न पेयजल योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वसनीय पेयजल उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।