Advertisement

वोट चोरी कर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही भाजपा: कुलदीप राठौर

Spread the love

एसआईआर के जरिए मतदाताओं को अधिकार से वंचित करने का आरोप, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग


शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की निष्पक्षता और उसकी संवैधानिक विश्वसनीयता को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर देश के 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के खिलाफ है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।


राठौर बुधवार को कोटगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के साथ मिलकर वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस लड़ाई में देश और प्रदेश के लोगों को उनका साथ देना चाहिए।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनी हुई विपक्षी सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास करती रही है और अब चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राठौर ने लोगों से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और कांग्रेस की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।


जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार शिमला जिला सहित प्रदेशभर में मताधिकार के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस ग्रामीण के सभी ब्लॉकों में कथित वोट चोरी के विरोध में जागरूकता अभियान चलाने के साथ प्रदर्शन किए जाएंगे।


बैठक और धरना-प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुधीर भैक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ठियोग के अध्यक्ष संजय शर्मा, ममता ठाकुर, भूपेंद्र कौशल, प्रेम कैंथला, मजेंद्र राजटा, कृतिका नेगी, नवीन कल्टा, सतीश भैक, मीरा शर्मा, संगीता, रंजना, संजीव, कृष्ण पाल, टेक चंद भैक, रूपेश कंवर, प्रकाश शर्मा, संदीप भारद्वाज, ज्ञान गेटा, शीतल भैक, लाल चंद चंदेल, शर्मिला भैक और घनश्याम सहित कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


इसके बाद हरिकृष्ण हिमराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटगढ़ के तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।