Advertisement

राम मंदिर दान चोरी मामले की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से हो जांच : कुलदीप राठौर

Spread the love
कांग्रेस विधायक ने केंद्र सरकार पर लगाया लीपापोती का आरोप, बोले, करोड़ों राम भक्तों की आस्था से हुआ खिलवाड़


शिमला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और ठियोग विधानसभा क्षेत्र से विधायक #Kuldeep_Singh_Rathore ने अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच में लीपापोती की जा रही है और एसआईटी जांच में केवल एक व्यक्ति को मोहरा बनाकर बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।


प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलदीप राठौर ने कहा कि यह मामला किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश से करवाई जानी चाहिए।


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण से लेकर इसके लोकार्पण तक धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाया। राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने चुनावी लाभ के लिए जल्दबाजी में मंदिर का लोकार्पण किया।
राठौर ने सवाल उठाया कि अति सुरक्षित क्षेत्र में स्थित मंदिर से हजारों करोड़ रुपये की चोरी कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख Champat Rai पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य दल की सरकार के समय ऐसा मामला सामने आता तो भाजपा देशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा कर देती। राठौर ने आरोप लगाया कि केंद्र की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी नेताओं को डराने और झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सब कुछ देख रहे हैं और भाजपा को इसका जवाब देना होगा। इस मौके पर कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल और कांग्रेस सचिव प्रदीप सूर्या भी मौजूद रहे।