रोहड़ू, चिड़गांव, भटवाड़ी, रामपुर और काशा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर करेंगे श्रद्धांजलि अर्पित
5 अक्टूबर को प्रस्तावित मंत्रिमंडल बैठक में अहम फैसलों पर होगी चर्चा
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के एक से तीन अक्टूबर तक के तीन दिवसीय हिमाचल प्रवास का कार्यक्रम जारी हो गया है। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री रोहड़ू, चिड़गांव, भटवाड़ी, रामपुर और काशा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे तथा स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ जनसभाओं और ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की समस्याएं भी सुनेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री एक अक्टूबर को रोहड़ू में विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ एंटी ड्रग रैली में हिस्सा लेंगे। इसके बाद चिड़गांव में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। भटवाड़ी पहुंचकर ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनता, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद करेंगे। रात्रि ठहराव भटवाड़ी में होगा।
दो अक्टूबर को मुख्यमंत्री गांधी जयंती के अवसर पर भटवाड़ी में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद रोहड़ू से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रामपुर के शिंगला पहुंचेंगे। नोगली में जनसभा के अलावा पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री एंटी ड्रग रैली में भी हिस्सा लेंगे। रामपुर स्थित सर्किट हाउस में भोजन के बाद मुख्यमंत्री शिमला लौटेंगे।
वहीं, हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की अगली बैठक पांच अक्टूबर को प्रस्तावित है। इससे पहले 11 सितंबर को प्रस्तावित बैठक को रद्द कर दिया गया था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा संभावित है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के प्रस्ताव भी बैठक में प्रमुखता से आ सकते हैं।
इसके अलावा बजट घोषणाओं, विभिन्न मंत्रिमंडलीय उपसमितियों की सिफारिशों तथा विभागों से प्राप्त अन्य प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल निर्णय ले सकता है। हालांकि अंतिम एजेंडा बैठक से पहले ही स्पष्ट होगा।
मुख्यमंत्री का तीन दिवसीय दौरा और पांच अक्टूबर की कैबिनेट बैठक सरकार के स्तर पर आगामी दिनों में लिए जाने वाले महत्वपूर्ण फैसलों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।












