ऊना की महिला विंग ने संभाली आंदोलन की कमान, 5 सितंबर तक मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन शुक्रवार को 20वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला के बाहर पूरे जोश, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ जारी रहा। शुक्रवार को जिला ऊना की एचपीपीटीएफ महिला विंग की पदाधिकारियों ने अनशन में शामिल होकर शिक्षकों की मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
क्रमिक अनशन में जिला महिला विंग ऊना की महासचिव मीनू वाला, ब्लॉक अंब की महिला विंग अध्यक्ष इंद्र कौर, ब्लॉक ऊना की सदस्य सुख वर्षा और ब्लॉक अंब की सदस्य राखी रानी ने भाग लिया। संघ ने कहा कि महिला शिक्षक भी पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं।
संघ के अनुसार, शिक्षकों ने 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा शुरू कर शिमला का रुख किया था। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल धरना आयोजित किया गया और इसी के बाद क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ का कहना है कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
संघ ने कहा कि 26 जुलाई को धरने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर शिक्षकों को आश्वासन दिया था कि न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली से संबंधित अधिसूचना वापस लेने सहित अन्य मांगों पर भी 5 सितंबर तक कार्रवाई की जाएगी। संघ अब सरकार के आश्वासन के पूरा होने का इंतजार कर रहा है।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्य कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि यदि 5 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए इसके विभिन्न स्वरूप देखने को मिलेंगे। संघ ने सरकार से शिक्षकों की मांगों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।












