20 शहरों के साइकिलिस्ट लेंगे हिस्सा, 8 लाख रुपये की इनामी राशि
23 से 25 अक्तूबर तक जंगलों, पहाड़ी चढ़ाइयों और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर होगी रोमांचक रेस
शिमला। हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और चुनौतीपूर्ण पगडंडियों पर साइकिलिंग का रोमांच एक बार फिर देखने को मिलेगा। एमटीबी शिमला के 13वें संस्करण का आयोजन 23 से 25 अक्तूबर तक किया जाएगा। हार्टेक्स (HARTEX) के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 20 शहरों से साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे।
करीब 130 किलोमीटर के पहाड़ी ट्रैक, 3,800 मीटर की कुल चढ़ाई और आठ लाख रुपये की इनामी राशि इस प्रतियोगिता को खास बनाएगी। प्रतियोगिता में नौ राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता भी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में इस बार क्रॉस कंट्री मैराथन (एक्ससीएम) प्रारूप के तहत एक प्रोलॉग और दो टाइम्ड स्टेज होंगी। रेस का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा ऑफ-रोड होगा, जिसमें जंगलों की संकरी पगडंडियां, कच्चे रास्ते, पत्थरों से भरे ट्रैक और जलधाराओं को पार करने जैसी चुनौतियां शामिल होंगी। लंबी चढ़ाइयां साइकिलिस्टों की सहनशक्ति की परीक्षा लेंगी, जबकि कठिन ढलानों पर संतुलन और तकनीकी कौशल की जरूरत होगी। इस संस्करण में पहली बार ग्रेवल बाइक को भी अनुमति दी गई है।
प्रतियोगिता का पहला चरण 24 अक्तूबर को ‘द फ्लाइट ऑफ द फीजेंट’ नाम से आयोजित होगा। 55 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक में 1,780 मीटर की चढ़ाई शामिल है। कुफरी वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी से शुरू होकर रूट पटग्यार, टालो का नाल, मुंडाघाट, थरोल, गलू और फागू से होते हुए डाक बंगला पहुंचेगा। वहीं, दूसरा चरण 25 अक्तूबर को ‘द सीडर रीथ’ नाम से होगा। 48 किलोमीटर के इस रूट में 1,280 मीटर की चढ़ाई होगी। साइकिलिस्ट कुफरी वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी से चरबड़ा, मशोबरा, पुरानी कोटी, कांडा, डाक बंगला, फागू और बेकलठी होते हुए मशोबरा में रेस पूरी करेंगे।
प्रतियोगिता में छह श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रतिभागियों में शिमला के 11 वर्षीय कारिक शर्मा सबसे कम उम्र के साइकिलिस्ट हैं, जबकि 68 वर्षीय महेश्वर दत्त सबसे उम्रदराज प्रतिभागी होंगे। शिमला से 18 और बेंगलुरु से छह साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा जयपुर, दिल्ली, लेह और गुवाहाटी सहित अन्य शहरों के प्रतिभागी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
साइकिलिंग के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश
प्रतियोगिता में खेल और फिटनेस के साथ सड़क सुरक्षा को भी प्रमुखता दी जा रही है। हस्तपा और रॉयल एनफील्ड सोशल मिशन ने ‘पार्टनर्स फॉर सेफ राइडिंग’ पहल के तहत सुरक्षित राइडिंग और हेलमेट के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी की है। प्रेस वार्ता में शिमला की एएसपी मेहर पंवार ने भी सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक राइडर को सही तरीके से हेलमेट पहनना चाहिए, यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने खेल और फिटनेस के साथ सड़क सुरक्षा को जोड़ने के आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर हार्टेक्स की ओर से प्रवीण भी मौजूद रहे। हस्तपा का उद्देश्य साइकिलिंग के माध्यम से युवाओं को अवसर प्रदान करना, खेल प्रतिभाओं को निखारना और साइकिलिंग पर्यटन को बढ़ावा देना है। संस्था ने वर्ष 2005 में एमटीबी हिमालया और वर्ष 2012 में एमटीबी शिमला की शुरुआत की थी। इस आयोजन के साथ हिमाचल पर्यटन भी जुड़ा है।
प्रतियोगिता के अन्य सहयोगियों में रॉयल एनफील्ड, रडकाट, बिग एफएम, एसजेवीएन, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, एचपीडीटी और प्रणाह शामिल हैं।












