Advertisement

अभियान: एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्कर की 48.30 लाख की संपत्ति जब्त

Spread the love

इंदौरा के आरोपी का मकान और नकदी जब्त, पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस जिला नूरपुर की कार्रवाई

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस जिला नूरपुर में एक आरोपी की 48.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त संपत्ति में कांगड़ा जिले की तहसील इंदौरा के गांव छन्नी में स्थित 45.90 लाख रुपये मूल्य का आवासीय मकान और मादक पदार्थों से अर्जित 2.40 लाख रुपये शामिल हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट और एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत की है।

हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव सिरत का निवासी है। 30 जुलाई, 2023 को पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत भद्राया में नाकाबंदी के दौरान उसके कब्जे से 10.1 ग्राम चिट्टा और 8,500 रुपये बरामद किए गए थे। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में क्रमशः 8.35 ग्राम और 9.92 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मादक पदार्थों की तस्करी में लगातार संलिप्तता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने उसे पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लेने की सिफारिश की थी।

पुलिस ने आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की। जांच के दौरान 48,30,997 रुपये की संपत्ति चिह्नित की गई। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(1) के तहत 12 जून, 2025 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया, जिसे सक्षम प्राधिकारी ने 9 जुलाई, 2025 को मंजूरी दी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिह्नित संपत्तियों को जब्त कर लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाया जा रहा एंटी चिट्टा अभियान नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर केंद्रित है। इसके तहत नशीले पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसका उद्देश्य नशा तस्करी को आर्थिक सहायता देने वाले नेटवर्क को कमजोर करना है।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस जिला नूरपुर की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से नशा तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की है, ताकि युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके।