पूर्व सांसद सुरेश भारद्वाज ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का दिया संदेश
शिमला। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को शिमला के नाभा वार्ड में भारतीय जनता पार्टी महिला जिला मोर्चा की ओर से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 650वीं गुरु रविदास जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखते हैं।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला जिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला जिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष हेमा कश्यप, महामंत्री रीना शर्मा, लता शर्मा, रूपा शारदा, पार्षद बिट्टू पाना, गौरव शर्मा, नवीन, बिंदु सूद, किशोर शर्मा, कुसुम सदरेट, रूपा शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











