गृह मंत्री अमित शाह ने मानसून प्रभावित राज्यों के लिए ₹2,117.85 करोड़ की केंद्रीय सहायता को दी मंजूरी, राहत व पुनर्वास कार्यों को मिलेगी गति
शिमला। केंद्र सरकार ने मानसून के दौरान बाढ़ प्रभावित राज्यों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (SDRF) के तहत ₹2,117.85 करोड़ की अग्रिम केंद्रीय सहायता जारी करने को मंजूरी दी है। इस सहायता में हिमाचल प्रदेश को ₹193.95 करोड़ की अग्रिम दूसरी किस्त स्वीकृत की गई है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस संबंध में मंजूरी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित राज्यों को राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमाचल प्रदेश को वित्तीय वर्ष 2026-27 की SDRF की पहली किस्त पहले ही जारी की जा चुकी थी। अब राहत कार्यों के लिए संसाधनों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने दूसरी किस्त के केंद्रीय हिस्से की अग्रिम राशि ₹193.95 करोड़ जारी करने का निर्णय लिया है।
केंद्र सरकार ने बताया कि मानसून के दौरान राज्यों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों की पूर्व-तैनाती की गई है तथा रक्षा मंत्रालय की ओर से भी आवश्यक लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश और असम में क्षति के आकलन के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) भेजे जा चुके हैं। असम में बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए दो बार IMCT भेजी गई है, जबकि नागालैंड सरकार के अनुरोध पर वहां भी केंद्रीय दल का गठन किया जा रहा है।











