Advertisement

चंबा मेडिकल कॉलेज को मिला 200 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

Spread the love
158 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अस्पताल में आधुनिक ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, छात्रावास और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध

चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। इस परियोजना में अस्पताल भवन के साथ छात्रावास और आवासीय परिसर भी शामिल हैं, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।


नवनिर्मित अस्पताल में ब्लॉक-ए, बी और सी के माध्यम से रोगी उपचार तथा चिकित्सा शिक्षा की समग्र सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां मेडिसिन, शिशु रोग, मनोरोग, चेस्ट एवं टीबी, शल्य चिकित्सा, ईएनटी, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा दंत चिकित्सा सहित आठ प्रमुख विशेषज्ञताओं की ओपीडी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा आधुनिक आपातकालीन सेवाएं, रेडियोलॉजी विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और 200 इनडोर बेड की सुविधा भी मरीजों को मिलेगी। अस्पताल में मनोरोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा त्वचा रोग विभाग की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करना और लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल मरीजों को बेहतर इलाज देने के साथ-साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, मेडिकल विद्यार्थियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भी बेहतर कार्य और अध्ययन का वातावरण उपलब्ध कराएगा।


परियोजना के तहत चिकित्सा विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए आधुनिक छात्रावास एवं आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इनमें 150 सीटों वाला एमबीबीएस छात्र छात्रावास, 150 सीटों वाला छात्रा छात्रावास, 50 सीटों वाला नर्सिंग छात्रावास तथा फैकल्टी और कर्मचारियों के लिए 24 टाइप-4 और 36 टाइप-3 आवासीय क्वार्टर शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त छात्रावास और आवासीय सुविधाओं से संस्थान की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार कर प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।