काजा सीबीएसई स्कूल में छात्र-छात्राओं से मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया संवाद, छात्रावासों और स्कूल भवन के विकास के लिए धन देने का आश्वासन
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में आगामी शैक्षणिक सत्र से नैतिक शिक्षा शुरू की जाएगी। इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को काजा स्थित सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान यह बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने, लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल और छात्रावास से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। एक छात्रा ने बताया कि स्कूल में 85 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिनमें 46 छात्राएं छात्रावास में रहती हैं। छात्रावास में रसोइये, सफाई कर्मचारी और महिला वार्डन की कमी का मामला उठाने पर मुख्यमंत्री ने छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए भी अलग आवासीय ब्लॉक बनाया जाएगा और स्कूल के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण को बताया जरूरी
एक छात्रा के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हमारा भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। विद्यार्थियों ने कक्षाओं में ठंड और रोशनी की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या भी उठाई। मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा अगले शैक्षणिक सत्र तक विकास कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखने की बात कही।
स्पीति में पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
स्पीति घाटी की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यहां पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को विकसित कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल दिवस का आयोजन होने के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। यहां आइस हॉकी स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की संभावनाएं बढ़ेंगी।
विद्यार्थियों की विशेष कोचिंग की मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द स्किल ट्रेनिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे। पर्यटन से संबंधित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।












