हिमाचल निर्माता के आदर्शों को किया नमन, कहा- बदलते राजनीतिक हालात का कांग्रेस को मिलेगा लाभ
शिमला। हिमाचल प्रदेश के निर्माता और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. परमार के प्रदेश निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सुक्खू ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार को लेकर भी तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बीजेपी के लिए बड़ा झटका है और इससे साफ संकेत मिलता है कि जनता का भरोसा भाजपा से लगातार कम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भाजपा का राजनीतिक ग्राफ लगातार नीचे आया है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं में भी भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ी है, जिसका असर चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दिया।
सुक्खू ने कहा कि चुनाव हमेशा उस समय की परिस्थितियों और जनता के मूड के आधार पर लड़े जाते हैं। वर्तमान हालात में लोगों का रुझान बदल रहा है और इसका लाभ आने वाले समय में कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और भविष्य में कांग्रेस और मजबूत होकर उभरेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार ने जिस दूरदृष्टि और विकास की सोच के साथ हिमाचल की नींव रखी थी, राज्य सरकार उसी विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके आदर्श आज भी प्रदेश के विकास के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।











