Advertisement

मुख्यमंत्री सुक्खू कल लाहौल-स्पीति के दौरे पर, विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Spread the love

रंगरीक में 2 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना का करेंगे लोकार्पण, काजा में जनसभा को करेंगे संबोधित

‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को लाहौल-स्पीति जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह काजा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद, विकास कार्यों की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर रहेगा।


मुख्यमंत्री रंगरीक में 2 मेगावाट क्षमता के ग्रिड-कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के साथ एक मेगावाट-घंटा क्षमता का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) भी स्थापित किया गया है। इससे उत्पादित सौर ऊर्जा के भंडारण और जरूरत के समय उसके इस्तेमाल की सुविधा मिलेगी।


इसके बाद मुख्यमंत्री चिदांग तंगती से खार टेलिंग सड़क और तंजित से हिक्किम सड़क का उद्घाटन करेंगे। इन सड़कों के शुरू होने से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।


काजा में जनसभा को करेंगे संबोधित


मुख्यमंत्री काजा के आइस हॉकी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री काजा स्थित वृद्ध आश्रम (ओल्ड एज होम) जाएंगे और वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे।


‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में सुनेंगे समस्याएं


दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों, युवक मंडलों और महिला मंडलों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनने के साथ क्षेत्र की जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित विषयों पर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लाहौल-स्पीति में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठने की संभावना है।