18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार, दिन के तापमान में आएगा उछाल
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी होने से पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, चंबा और मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह से हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। चंबा के साच पास में करीब चार इंच और लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रे में दो इंच तक ताजा बर्फ गिरी है। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर भी जारी है।
ताजा बर्फबारी के बाद शिकुला टॉप, बारालाचा टॉप और कुंजुम टॉप समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों को इन क्षेत्रों की यात्रा न करने की सलाह दी है। वहीं, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान बादलों से घिरा हुआ है।
कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सिरमौर, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आंधी और तूफान की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हमीरपुर, मंडी और शिमला जिलों में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम में बदलाव के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है।
केलांग में सामान्य से छह डिग्री अधिक तापमान
प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। केलांग में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। सुंदरनगर में 30.7, भुंतर में 29.2, कल्पा में 20, धर्मशाला में 27, ऊना में 33.4, नाहन में 28.5 और कांगड़ा में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दूसरी ओर, चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री गिरकर 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली में तापमान 19.8 डिग्री और सोलन में 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडी में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। 18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार हैं और 20 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिल सकती है। मौसम साफ होने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने के आसार हैं।












