22 अगस्त को शनिवार को भी होगी कार्यवाही, 27 अगस्त गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शनिवार को बताया कि 14वीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे आरंभ होगा। यह सत्र 3 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल की संस्तुति के उपरांत विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र के दौरान 22 अगस्त (शनिवार) को भी सदन की बैठक होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 28, 29 और 30 अगस्त को सदन की बैठक नहीं होगी। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 29 अगस्त को शनिवार होने के कारण कार्यवाही स्थगित रहेगी। वहीं, 27 अगस्त को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित प्रश्न, सूचनाएं और अन्य कार्यसूची ऑफलाइन तथा ऑनलाइन माध्यम से विधानसभा सचिवालय को भेज सकते हैं।











