Advertisement

रक्षाबंधन पर पूरे हिमाचल में सभी सरकारी विभागों में छुट्टी, CM सुक्खू ने सदन में की घोषणा

Spread the love

बोले- बहनों को भाइयों को राखी बांधने के लिए सुबह की भागदौड़ न करनी पड़े; 28 अगस्त को HRTC की साधारण बसों में महिलाओं का मुफ्त सफर


शिमला। रक्षाबंधन के अवसर पर इस बार पूरे हिमाचल प्रदेश में सभी सरकारी विभागों में अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व है और बहनों को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सुबह की भागदौड़ न करनी पड़े, इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक रक्षाबंधन पर केवल महिलाओं को छुट्टी मिलती थी, जबकि पुरुषों को यह सुविधा नहीं थी। इस बार सभी सरकारी कर्मचारियों को भी अवकाश दिया जाएगा, ताकि भाई-बहन अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मना सकें। इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।


सरकारी दफ्तरों के साथ स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद


सरकार के फैसले के बाद रक्षाबंधन के दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार के दिन बहनों को स्कूल या नौकरी के लिए सुबह जल्दी निकलने की मजबूरी न हो और वे आराम से अपने भाइयों को राखी बांध सकें, यही इस निर्णय का उद्देश्य है।


महिलाओं को HRTC बसों में मुफ्त यात्रा


रक्षाबंधन पर महिलाओं को परिवहन की भी सौगात मिलेगी। 28 अगस्त को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की साधारण बसों में हिमाचल प्रदेश के भीतर यात्रा करने वाली महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक लागू रहेगी।


HRTC प्रबंधन ने इस संबंध में सभी अधिकारियों को सर्कुलर जारी कर दिया है। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर जाने और वापस लौटने के लिए सरकारी बसों में बिना किराया सफर कर सकेंगी।