Advertisement

केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर गए हिमाचल के दो आईएएस अधिकारी, राज्य सरकार ने किया रिलीव

Spread the love
मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया युवा मामले विभाग में बने डायरेक्टर, डॉ. निपुण जिंदल आर्थिक मामलों के विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भेजने के लिए रिलीव कर दिया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार आईएएस विवेक भाटिया (2011 बैच) और डॉ. निपुण जिंदल (2014 बैच) की सेवाएं भारत सरकार को सौंप दी गई हैं।
विवेक भाटिया, जो मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव-सह-विशेष सचिव और उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे, उन्हें केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत युवा मामले विभाग (Department of Youth Affairs) में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पांच वर्ष के लिए तत्काल प्रभाव से होगी।


वहीं, डॉ. निपुण जिंदल, जो डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग के निदेशक और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे, उन्हें वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (Department of Economic Affairs) में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति चार वर्ष के लिए रहेगी।


राज्य सरकार की ओर से जारी आदेशों के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रिलीव कर दिया गया है।