Advertisement

एकल महिलाओं को आवास देने के लिए कई योजनाएं, सरकार ने गिनाए प्रावधान

Spread the love

विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा- विधवा, परित्यक्ता और एकल महिलाओं के लिए सरकार संवेदनशील, विभिन्न योजनाओं के तहत मिल रहा मकान का लाभ


शिमला। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधवा, परित्यक्ता और एकल महिलाओं को आवास उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चला रखी हैं। ग्रामीण विकास विभाग के अलावा लेबर वेलफेयर बोर्ड समेत अन्य माध्यमों से भी पात्र महिलाओं को मकान के लिए सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एकल महिलाओं के लिए चल रही योजना के तहत मकान के लिए तीन लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का तलाक नहीं हुआ है, लेकिन पति अलग रह रहा है, उनके लिए भी पात्रता के आधार पर योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करवाने के प्रावधान हैं।

विधानसभा में सदस्य आशीष बुटेल ने सवाल उठाया कि विधवा, परित्यक्ता और एकल महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत दी जाने वाली सहायता का क्या हुआ। जवाब में बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2022-23 में करीब 1400, 2023-24 में 511 और 2024-25 में करीब 300-350 मकान स्वीकृत किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र महिलाएं प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं में भी आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता देती है। विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए भी इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना शुरू की गई है, जिसके तहत उनकी पढ़ाई का खर्च सरकार वहन कर रही है।