Advertisement

केएनएसएच के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के प्रस्तावित स्थानांतरण पर हाई लेवल तकनीकी समिति गठित

Spread the love
आईजीएमसी शिमला में शिफ्टिंग और वर्तमान स्थान पर विभाग बनाए रखने-दोनों विकल्पों का करेगी तकनीकी परीक्षण


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कमला नेहरू राज्य अस्पताल शिमला के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC), शिमला स्थानांतरित करने के प्रस्ताव के व्यापक परीक्षण के लिए एक हाई लेवल तकनीकी समिति का गठन किया है।


सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति विभाग को आईजीएमसी स्थानांतरित करने से जुड़े सभी तकनीकी, प्रशासनिक और व्यावहारिक पहलुओं का वस्तुनिष्ठ परीक्षण करेगी। साथ ही यह समिति ये भी अध्ययन करेगी कि यदि विभाग को वर्तमान स्थान पर ही रखा जाता है तो उसके क्या प्रभाव होंगे। समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट और सिफारिशें सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।


समिति की अध्यक्षता अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक (मंडी) के कुलपति करेंगे। समिति में आईजीएमसी शिमला के प्राचार्य, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज (AIMSS) चमियाना के प्राचार्य, निदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, आईजीएमसी के अतिरिक्त/संयुक्त निदेशक (सदस्य सचिव), आईजीएमसी एवं केएनएसएच के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट सहित वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों को सदस्य बनाया गया है।


सरकार ने समिति को प्रस्तावित स्थानांतरण तथा वर्तमान व्यवस्था, दोनों के पक्ष-विपक्ष का तकनीकी मूल्यांकन कर उचित सिफारिशें प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा है।