विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग, नए पदाधिकारी 24 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में फीस वृद्धि और अन्य लंबित छात्र मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। परिषद की ओर से चल रही प्रतीकात्मक एवं क्रमिक भूख हड़ताल के तहत बुधवार को इकाई उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर और अंकुश वर्मा ने 24 घंटे की भूख हड़ताल पूरी करने के बाद अपना अनशन समाप्त किया।
इसके बाद आंदोलन की अगली कड़ी में इकाई सह मंत्री विकास शर्मा और प्रदेश सह मंत्री भवानी ठाकुर अगले 24 घंटे के लिए क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल फीस वृद्धि का फैसला वापस लेने और छात्र संघ चुनाव शीघ्र बहाल करने की मांग दोहराई।
ABVP के इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय में पहले से ही नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों की फीस कई निजी विश्वविद्यालयों के बराबर या उससे अधिक है।
इसके बावजूद 25 से 30 प्रतिशत तक फीस बढ़ाना छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में निजी संस्थानों जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, फिर भी फीस बढ़ाना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि चालू शैक्षणिक सत्र के दौरान फीस बढ़ाए जाने से उन छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, जिन्होंने पुराने फीस ढांचे को देखते हुए प्रवेश लिया था। उनके अनुसार, यह फैसला छात्रों के हितों के खिलाफ है।
अक्षय ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो विद्यार्थी परिषद आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र धरना स्थल पर मौजूद रहे और आंदोलन को समर्थन दिया।











