Advertisement

परमार जयंती पर जयराम ठाकुर का सरकार पर हमला, बोले- हिमाचल के विकास में सभी सरकारों के योगदान को मिले सम्मान

Spread the love
CM सुक्खू पर भी साधा निशाना, कहा- उनके बयानों को कोई गंभीरता से नहीं लेता


शिमला। हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री एवं प्रदेश निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल के विकास में सभी सरकारों के योगदान को समान सम्मान मिलना चाहिए और डॉ. परमार की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों का स्वरूप भी अधिक व्यापक होना चाहिए।


जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार ने कठिन परिस्थितियों में हिमाचल को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने केवल सड़क निर्माण तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास सहित हर क्षेत्र में मजबूत नींव रखी। ऐसे महान व्यक्तित्व को प्रदेश सदैव याद रखेगा।


उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केवल वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान की अनदेखी की गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हिमाचल का विकास किसी एक सरकार का नहीं, बल्कि सभी सरकारों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसलिए ऐसे आयोजनों में प्रदेश के विकास की पूरी यात्रा और सभी सरकारों के योगदान को स्थान मिलना चाहिए।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आयोजित स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम में सभी पूर्व सरकारों के योगदान को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि भविष्य में डॉ. परमार की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में भी इसी परंपरा का पालन किया जाए।


इस दौरान जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने भाजपा के 28 मौजूदा विधायकों में से 16 के अगला चुनाव हारने की बात कही थी। जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों भविष्यवक्ता की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनके बयानों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने कहा कि उनकी अपनी पार्टी के लोग भी उनके दावों को गंभीरता से नहीं लेते।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शायद भाजपा नहीं, बल्कि कांग्रेस की भविष्य की स्थिति का वर्णन कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और कमजोर होगी, जबकि भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।