सुरजीत सिंह को DC कुल्लू का अतिरिक्त प्रभार, IPS अभिषेक एस बने नए SP
रेव पार्टी और नशा तस्करी मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सरकार की कार्रवाई
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कुल्लू जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) को बदल दिया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा पार्वती घाटी में कथित अवैध रेव पार्टियों, नशा तस्करी और प्रशासनिक लापरवाही पर की गई सख्त टिप्पणियों तथा संबंधित अधिकारियों के तबादले के निर्देशों के बाद की गई है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सुरजीत सिंह (HPS-2012), जो वर्तमान में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक, DRDA, कुल्लू के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से उपायुक्त, कुल्लू का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अगले आदेश तक यह जिम्मेदारी निभाएंगे।
वहीं, गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार अभिषेक एस (IPS-2019), जो पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) के पद पर तैनात थे और साइबर क्राइम CID का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक, कुल्लू नियुक्त किया गया है। वर्तमान SP मदन लाल को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय, शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हाल ही में पार्वती घाटी में कथित अवैध रेव पार्टियों और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान कुल्लू प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ी टिप्पणी करते हुए DC, SP और SDM के तबादले के निर्देश दिए थे। अदालत ने मामले में विभागीय कार्रवाई, FIR और SIT जांच के भी निर्देश दिए थे।
बाद में सुप्रीम कोर्ट ने FIR, SIT और विभागीय कार्रवाई से जुड़े कुछ निर्देशों पर अंतरिम रोक लगाई, हालांकि अधिकारियों के तबादले के बाद राज्य सरकार ने अब प्रशासनिक स्तर पर यह बदलाव लागू कर दिया है।











