Advertisement

हादसा: पीरनिगाह में श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 30 घायल; तीन PGI रेफर

Spread the love

हरियाणा के करनाल से मां नयना देवी के दर्शन को निकले थे श्रद्धालु; झंडा रस्म के बाद उतराई में अनियंत्रित हुआ ट्रक, पुलिस ने शुरू की जांच


ऊना। जिला ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरा ट्रक गहरी खाई में गिर गया। हादसे में करीब 30 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।


जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री गांव से करीब 50 से 60 श्रद्धालु ट्रक में सवार होकर पीरनिगाह पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने यहां झंडा रस्म अदा की। इसके बाद वे मां नयना देवी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे थे। इसी दौरान पीरनिगाह की उतराई में एक खतरनाक मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रक में फंसे श्रद्धालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों के वाहनों के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।


तीन गंभीर घायल PGI रेफर


हादसे में घायल करीब 30 श्रद्धालुओं में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया। वहीं, अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। कुछ श्रद्धालुओं को उपचार के बाद वाहनों के माध्यम से उनके पैतृक गांव इंद्री वापस भेजा जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। तहसीलदार ऊना की ओर से भी घायलों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने की कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु हर वर्ष की तरह इस बार भी पीरनिगाह दरबार में झंडा रस्म अदा करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका मां नयना देवी के दर्शन कर वापस लौटने का कार्यक्रम था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।


पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
विजुअल शॉट: पीरनिगाह में हादसे का घटनास्थल, खाई में गिरा ट्रक, राहत एवं बचाव कार्य, अस्पताल में भर्ती घायल।