Advertisement

राखी सिर्फ धागा नहीं, भाई का बहन से रक्षा का अटूट वादा : पठानियां

Spread the love

विधानसभा अध्यक्ष ने देश-प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की दी शुभकामनाएं, कहा- पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने देश और प्रदेशवासियों को पवित्र पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि भाई का अपनी बहन की रक्षा का अटूट वादा है। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह को मजबूत करने का संदेश देता है।


पठानियां ने कहा कि भारत विविधताओं में एकता वाला देश है, जहां अलग-अलग पर्व और त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। रक्षाबंधन भी भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो परिवार और रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती है।


भावनाओं और रिश्तों की मजबूती का संदेश


विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रक्षाबंधन हमें यह संदेश देता है कि रिश्ते केवल खून के रिश्तों तक सीमित नहीं होते, बल्कि भावनाओं और आपसी विश्वास से भी बनते हैं। एक-दूसरे की भावनाओं को समझना और सम्मान करना ही मजबूत रिश्तों की नींव है।


उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब रिश्तों में दूरियां बढ़ रही हैं, ऐसे में रक्षाबंधन जैसे पर्व परिवार और समाज में प्रेम, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।