शिमला। रोहड़ू में नदी के तेज बहाव ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्लस-टू में पढ़ने वाले दो छात्रों की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों के अचानक लापता होने के बाद शुरू हुआ तलाश का सिलसिला बुधवार को उनके शव मिलने के साथ खत्म हुआ, लेकिन पीछे छोड़ गया दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का गहरा दुख।
मृतकों की पहचान शिवेन और लक्ष्य के रूप में हुई है। दोनों के देर रात अचानक लापता होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने नदी क्षेत्र में तलाश शुरू की। नदी किनारे दोनों छात्रों के कपड़े और जूते मिले तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई। सामान की पहचान बच्चों के रूप में होने के बाद नदी में बहने की आशंका गहरा गई।
रात का अंधेरा, नदी का तेज बहाव और अपनों को तलाशती आंखें
बचाव दल के सामने बड़ी चुनौती थी। सीमित दृश्यता के कारण रात में तलाशी अभियान में मुश्किलें आईं। सुबह होते ही पुलिस और प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज किया। नदी के दोनों किनारों के साथ पानी के बहाव की दिशा में भी लगातार तलाश की गई।
पुलिस और प्रशासन ने नदी के आगे डैम क्षेत्र तक भी तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घंटों की मशक्कत के बाद एक छात्र का शव स्थानीय तैराक ने खोज निकाला, जबकि दूसरे छात्र का शव एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। दोनों शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों और क्षेत्र के लोगों तक पहुंची, वहां मातम छा गया। जिन दो बच्चों के सकुशल लौटने की उम्मीद में परिवार रातभर राह देखते रहे, बुधवार को उनके शव घर लौटे।
दो घरों के चिराग बुझ गए और पीछे रह गईं उन परिवारों की यादें, जिनके लिए शिवेन और लक्ष्य सिर्फ बच्चे नहीं, बल्कि उनके भविष्य की उम्मीद थे।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रोमौत्रा ने दोनों छात्रों के शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।











