Advertisement

हिमाचल: स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़ेंगे दो लाख बच्चे और युवा

Spread the love

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दायरा बढ़ाने पर दिया जोर, जिला स्तर पर रोवर-रेंजर व्यवस्था होगी मजबूत


शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन को नई दिशा देते हुए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश (BSGHP) ने अगले शैक्षणिक सत्र तक अपने साथ जुड़े बच्चों और युवाओं की संख्या करीब 40 हजार से बढ़ाकर दो लाख करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई राज्य परिषद की बैठक में संगठन के विस्तार, प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


शिक्षा मंत्री, जो बीएसजीएचपी के उपाध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग बच्चों और युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों तक इस आंदोलन की पहुंच बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।


जिला स्तर पर मजबूत होगा रोवर-रेंजर ढांचा


बैठक में जिला स्तर पर रोवर और रेंजर की संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न पद सृजित करने को मंजूरी दी गई। इससे कार्यक्रमों के संचालन, निगरानी, समन्वय और जिम्मेदारियों का बेहतर निर्धारण हो सकेगा। आवश्यकतानुसार कब और बुलबुल अनुभागों को भी मजबूत करने का निर्णय लिया गया।


प्रशिक्षण और गतिविधियों पर रहेगा फोकस


दो लाख बच्चों और युवाओं को आंदोलन से जोड़ने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय, विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने, वयस्क नेताओं के प्रशिक्षण और जमीनी स्तर पर गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया जाएगा। परिषद ने संगठन की मूल भावना और पहचान को बनाए रखते हुए प्रस्तावित सुधारों को कानूनी आधार देने के लिए मौजूदा उप-नियमों में आवश्यक संशोधन करने का भी फैसला लिया।


रोहित ठाकुर ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एक अधिकृत संस्था है। उन्होंने संगठन की पहचान और अधिकृत गतिविधियों को लेकर लोगों के बीच स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया, ताकि अनधिकृत संस्थाओं को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे।


2026-27 की कार्ययोजना को मंजूरी


बैठक में वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक की वार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई। इसमें प्रशिक्षण, विकास गतिविधियां, टेस्टिंग कैंप, नेतृत्व विकास, सामुदायिक विकास और युवा गतिविधियों को शामिल किया गया है।


बीएसजीएचपी के राज्य मुख्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार संगठन को राज्य सरकार से वर्ष 2023-24 में 25 लाख, 2024-25 में 13.50 लाख और 2025-26 में 20 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। संगठन ने इसके लिए राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री का आभार जताया।


रिवालसर प्रशिक्षण केंद्र पर 2.50 करोड़ खर्च


बैठक में बताया गया कि मंडी जिले के रिवालसर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों पर 2,50,12,892 रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें सेशन हॉल, 12 स्विस/अल्पाइन टेंट, भूमि समतलीकरण, मुख्य द्वार सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।


शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग को मजबूत करने और इसका विस्तार करने के लिए राज्य सरकार की ओर से भविष्य में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को अनुशासित, रचनात्मक और सेवा भावना से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ेगा।


इस अवसर पर शिक्षा सचिव राकेश कंवर को हिमाचल प्रदेश भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का राज्य मुख्य आयुक्त नियुक्त होने पर बधाई दी गई। बैठक में राज्य सचिव डॉ. राज कुमार, निदेशक उच्च शिक्षा सुनीता सिंह, राज्य परिषद के सदस्य, जिला प्रतिनिधि, युवा नेता, राज्य मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और संगठन के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।