पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों के प्रचार के लिए विचार प्रमुख, मीडिया संवाद के लिए प्रवक्ता व पैनलिस्ट भी बनाए जाएंगे
शिमला। शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए जल्द ही नई जिम्मेदारियां सौंपेगी। सहकारिता क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने के लिए सहकार सारथी, पार्टी प्रशिक्षण के लिए विचार प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए विचार प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा मीडिया के साथ बेहतर समन्वय और संवाद के लिए प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त करने की तैयारी है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता संगठन को समय दे रहे हैं, उन्हें जिला स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
हिमराल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की रीढ़ उसके कार्यकर्ता होते हैं और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।
छह विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत नेतृत्व
हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि शिमला जिला ग्रामीण में कांग्रेस संगठन पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा कि जुब्बल से रोहित ठाकुर, कसुम्पटी से अनिरुद्ध राणा, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, ठियोग से कुलदीप सिंह राठौर, रामपुर से नंद लाल और रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा मंत्री एवं विधायक के तौर पर क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व दे रहे हैं।
उन्होंने चौपाल विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। हिमराल ने कहा कि पार्टी नेताओं के हाथ मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी : विनोद जिंटा
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कार्यकर्ताओं से संगठन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से जिस पदाधिकारी को जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ निभाना होगा।
जिंटा ने कहा कि बैठक में कार्यकर्ताओं की ओर से आए सुझावों पर अमल किया जाएगा। संगठन की ओर से पदाधिकारियों को परिचय पत्र और आई-कार्ड भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में फिर से मजबूत संगठनात्मक स्वरूप में खड़ा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का सीधा संवाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला, ब्लॉक, जोन, पंचायत और बूथ स्तर पर पार्टी की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।











