पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के रामपुर घाट में मंगलवार को गैस एजेंसी के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित वाहन ने वहां खड़ी गैस एजेंसी की गाड़ी और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सामने खड़ी गैस एजेंसी की गाड़ी और स्कूटी से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने अथवा उसे दौरा पड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ हो सकता है। हालांकि, हादसे की इस वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच और वाहन चालक के बयान के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।











