Advertisement

नॉर्वे की राजधानी ओसलो पहुँचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां

Spread the love

बर्गेन के पर्यटन मॉडल और स्थानीय व्यवस्था का लिया जायजा, स्वदेश लौटकर हिमाचल के पर्यटन विकास में अनुभव साझा करने की कही बात


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के बाद इन दिनों स्कैंडिनेवियाई देशों के अध्ययन प्रवास पर हैं। बर्गेन में एक दिन के प्रवास के बाद पठानियां बुधवार को जलमार्ग से फ्योर्ड क्रूज के माध्यम से नॉर्वे की राजधानी ओसलो पहुंचे। ओसलो में उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है।


बर्गेन प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शहर के विभिन्न ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने बर्गेन को पर्यटन की दृष्टि से विकसित और आकर्षक शहर बताते हुए कहा कि पहाड़ों और समुद्र से घिरे इस शहर की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि नॉर्वे ने पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय सुविधाओं और जीवनशैली के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास किया है।


पठानियां ने बताया कि बर्गेन नॉर्वे के पश्चिमी तट पर स्थित ऐतिहासिक शहर है और इसे देश के प्रसिद्ध फ्योर्ड क्षेत्र का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। वहीं, ओसलो नॉर्वे की राजधानी होने के साथ प्रशासन, व्यापार, शिक्षा और आधुनिक संस्कृति का प्रमुख केंद्र है।


बर्गेन प्रवास के दौरान पठानियां ने भारतीय समुदाय से जुड़े व्यापारियों, उद्यमियों और शिक्षाविदों से भी मुलाकात की। इस दौरान पर्यटन, सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय के बीच संबंधों को लेकर चर्चा हुई।


विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस अध्ययन प्रवास के दौरान उन्हें नॉर्वे की पर्यटन व्यवस्था और स्थानीय विकास मॉडल को करीब से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि स्वदेश लौटने के बाद वे प्रदेश सरकार के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे, ताकि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के विकास और सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए इन अनुभवों का उपयोग किया जा सके।